रविवार, 13 जून 2021

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र रहे प्रोफेसर हरेराम त्रिपाठी जी अब उसी विश्वविद्यालय में कुलपति बनकर करेंगे छात्रों का भविष्य उज्जवल प्रोफेसर त्रिपाठी जी भारतीय दर्शन के विद्वान हैं

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति बने प्रोफेसर(डॉ.) हरेराम त्रिपाठी भारतीय दर्शन और संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा नाम हैं.हम आप को बता दें कि प्रोफेसर त्रिपाठी जी दिलचस्प तथ्य ये हैं कि वे इसी विश्वविद्यालय के स्टूडेंट रहे, अब उन्हें यहां का कुलपति बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. कुलपति बनने से पहले वे श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में सर्व दर्शन विभाग में वरिष्ठ आचार्य (प्रो.) की हैसियत से छात्रों को पढ़ाया करते थे. उनके कुलपति बनने से संस्कृत जगत में हर्ष का माहौल है. शांत स्वभाव के और पढ़ाई में शुरू से होनहार प्रो. त्रिपाठी ने गांव- चकिया, जनपद- कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं
संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में प्रो. त्रिपाठी के अनुपम योगदान को देखते हुए उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनन्दीबेन पटेल ने बुधवार 9 जून को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के 35 वें कुलपति के रूप में नियुक्त किया. कुलाधिपति के पत्र के मुताबिक, प्रो त्रिपाठी का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि तक होगा. गौरतलब है कि संस्कृत विश्वविद्यालय के निवर्तमान कुलपति प्रो. राजाराम शुक्ल का तीन वर्षों का कार्यकाल 23 मई को पूरा हो गया.  

 

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के चकिया ग्राम में जन्मे प्रो. त्रिपाठी की प्रारंभिक शिक्षा ग्रामीण विद्यालय में हुई थी. उसके बाद सन् 1986 में वे आगे की पढ़ाई करने बनारस चले आए. रामाचार्य संस्कृत विद्यालय से उत्तर मध्यमा (इंटर) की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद शास्त्री (स्नातक), आचार्य (स्नातकोत्तर) व पीएचडी तक की पढ़ाई संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से किया. यहां वे न्यायशास्त्र के प्रकांड विद्वान प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी के निर्देशन में पीएचडी की डिग्री हासिल की. उन्होंने अध्ययन काल में आठ स्वर्ण पदक प्राप्त किया.
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1993 से राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के जम्मू परिसर में सहायक आचार्य सर्वदर्शन विभाग से किया. उसके बाद वर्ष 2001 से श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में सह- आचार्य के रूप में अध्यापन का कार्य प्रारंभ किया. वे वर्ष 2009 में सर्वदर्शन विभाग में प्रोफेसर बने. प्रो. त्रिपाठी को वर्ष 2003 में महर्षि वादरायण राष्ट्रपति पुरस्कार, शंकर वेदांत, पाणिनी, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान की ओर से विशिष्ट पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कार व सम्मान मिल चुका है. उन्होंने अब तक 30 से अधिक ग्रंथों का संपादन व लेखन का कार्य भी किया हैं.


 

प्रो. त्रिपाठी विश्वविद्यालय में विभिन्न प्राशासनिक पदों जैसे छात्रावास अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष इत्यादि दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन किया हैं. अध्यापन, शोध, प्राशासनिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने संस्कृत शिक्षा एवं भारतीय दर्शन को बढ़ावा देने के लिए देश-विदेश का शैक्षणिक दौरा भी किया. वे भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद(ICPR) के मानित सदस्य के रूप में 2016 से वर्तमान समय में भी कार्य कर रहें हैं. 

प्रो. त्रिपाठी ICPR के गवर्निंग बाडी के सदस्य भी हैं. वे राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के बोर्ड आफ मैनेजमेंट के सदस्य 2016 से 2019 तक रहें. इसके अतिरिक्त वे सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, गुजरात के एकेडमिक काउंसिल के सदस्य 2019 से हैं तथा महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय के प्लानिंग बोर्ड के भी सदस्य 2019 से हैं.

प्रो. हरेराम त्रिपाठी, प्रोफेसर और पूर्व संकायाध्यक्ष, श्री लाल बहादुर राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली  का जन्म उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जन्मपद में चकिया ग्राम में हुआ | वे बाल्यकाल से ही प्रतिभाशाली थे | उनकी प्रारंभिक शिक्षा ग्रामीण विद्यालय में हुई | उच्च शिक्षा सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से ही किया | त्रिपाठी जी ने अध्ययन काल में आठ स्वर्ण पदक प्राप्त किया | उन्होंने अध्यापक जीवन का प्रारंभ वर्ष 1993 से राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के जम्मू परिसर में सहायक आचार्य सर्वदर्शन विभाग से किया | वर्ष 2001 से श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में सह- आचार्य के रूप में कार्य प्रारंभ किया | उन्होंने विश्वविद्यालय में विभिन्न प्राशासनिक पदों जैसे छात्रावास अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष इत्यादि दायित्वों का निर्वहन किया | भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद्  (ICPR)के मानित सदस्य के रूप में 2016 से वर्तमान समय में भी कार्य कर रहें हैं | वे ICPR  के गवर्निंग बाडी के सदस्य भी हैं | वे राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के बोर्ड आफ मैनेजमेंट के सदस्य 2016 से 2019 तक रहे | इसके अतिरिक्त वे सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, गुजरात के Academic Council के सदस्य 2019 से हैं तथा महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय के Planning Board के भी सदस्य 2019 से हैं |
 

शुक्रवार, 11 जून 2021

रामप्रसाद बिस्मिल जी कैसे नशा छोड़ राष्ट्र भक्त कैसे बनें

*रामप्रसाद बिस्मिल जी के जीवन के कुछ संस्मरण।*

(११ जून जन्म दिवस पर विशेष)

*नशा छोड़ राष्ट्र भक्त कैसे बनें*

पं० रामप्रसाद बिस्मिल जी का जन्म उत्तरप्रदेश में स्थित शाहजहांपुरा में 11 जून 1897 ई. को हुआ था। इनके पिता का नाम मुरलीधर तथा माता का नाम मूलमती था। इनके घर की आर्थिक अवस्था अच्छी नहीं थी। बालकपन से ही इन्हें गाय पालने का बड़ा शौक था। बाल्यकाल में बड़े उद्दंड थे। पांचवी में दो बार अनुत्तीर्ण हुए। थोड़े दिनों बाद घर से चोरी भी करने लगे तथा उन पैसों से गंदे उपन्यास खरीदकर पढ़ा करते थे, भंग भी पीने लगे। रोज़ाना 40-50 सिगरेट पीते थे। एक दिन भांग पीकर संदूक से पैसे निकाल रहे थे, नशे में होने के कारण संदूकची खटक गई। माता जी ने पकड़ लिया व चाबी पकड़ी गई। बहुत से रूपये व उपन्यास इनकी संदूक से निकले। किताबों से निकले उपन्यासादि उसी समय फाड़ डाले गए व बहुत दण्ड मिला। ( परमात्मा की कृपा से मेरी चोरी पकड़ ली गई, नहीं तो दो-चार साल में न दीन का रहता न दुनिया का –आत्मचरित्र)
परंतु विधि की लीला और ही थी। एक दिन शाहजहांपुरा में आर्यसमाज के एक बड़े सन्यासी स्वामी सोमदेव जी आए। बिस्मिल जी का उनके पास आना-जाना होने लगा। इनके जीवन ने पलटा खाया, बिस्मिल जी आर्यसमाजी बन गए और ब्रह्मचर्य का पालन करने लगे। प्रसिद्ध क्रांतिकारी भाई परमानन्द जी की लिखी पुस्तक तवारीखे हिन्द को पढ़कर बिस्मिल जी बहुत प्रभावित हुए। पं० रामप्रसाद ने प्रतिज्ञा की कि ब्रिटिश सरकार से क्रांतिकारियों पर हो रहे अत्याचार का बदला लेकर रहूँगा।

*गुरु कौन था?*

फाँसी से पुर्व बिस्मिल जी नित्य जेल में वैदिक हवन करते थे। उनके चेहरे पर प्रसन्नता व संतोष देखकर जेलर ने पूछा की तुम्हारा गुरु कौन है? बिस्मिल जी ने कहा कि जिस दिन उसे फाँसी दी जाएगी, उस दिन वह अपने गुरु का नाम बताएगा, और हुआ भी ऐसा ही। फाँसी देते समय जेलर ने जब अपनी बात याद दिलाई तो बिस्मिल जी ने कहा कि मेरा गुरु है स्वामी दयानन्द।

*आर्य समाज के कट्टर अनुयायी और पिता से विवाद*

स्वामी दयानंद जी की बातों का राम प्रसाद पर इतना गहरा प्रभाव पड़ा कि ये आर्य समाज के सिद्धान्तों को पूरी तरह से अनुसरण करने लगे और आर्य समाज के कट्टर अनुयायी बन गये। इन्होंने आर्य समाज द्वारा आयोजित सम्मेलनों में भाग लेना शुरु कर दिया। इन सम्मेलनों में जो भी सन्यासी महात्मा आते रामप्रसाद उनके प्रवचनों को बड़े ध्यान से सुनकर उन्हें अपनाने की पूरी कोशिश करते।
बिस्मिल का परिवार सनातन धर्म में पूर्ण आस्था रखता था और इनके पिता कट्टर पौराणिक थे। उन्हें किसी बाहर वाले व्यक्ति से इनके आर्य समाजी होने का पता चला तो उन्होंने खुद को बड़ा अपमानित महसूस किया। क्योंकि वो रामप्रसाद के आर्य समाजी होने से पूरी तरह से अनजान थे। अतः घर आकर उन्होंने इनसे आर्य समाज छोड़ देने का लिये कहा। लेकिन बिस्मिल ने अपने पिता की बात मानने के स्थान पर उन्हें उल्टे समझाना शुरु कर दिया। अपने पुत्र को इस तरह बहस करते देख वो स्वंय को और अपमानित महसूस करने लगे। उन्होंने क्रोध में भर कर इनसे कहा –
*“या तो आर्य समाज छोड़ दो या मेरा घर छोड़ दो।”*
इस पर बिस्मिल ने अपने सिद्धान्तों पर अटल रहते हुये घर छोड़ने का निश्चय किया और अपने पिता के पैर छूकर उसी समय घर छोड़कर चले गये। इनका शहर में कोई परिचित नहीं था जहाँ ये कुछ समय के लिये रह सके, इसलिये ये जंगल की ओर चले गये। वहीं इन्होंने एक दिन और एक रात व्यतीत की। इन्होंने नदी में नहाकर पूजा-अर्चना की। जब इन्हें भूख लगी तो खेत से हरे चने तोड़कर खा लिये।
दूसरी तरफ इनके घर से इस तरह चले जाने पर घर में सभी परेशान हो गये। मुरलीधर को भी गुस्सा शान्त होने पर अपनी गलती का अहसास हुआ और इन्हें खोजने में लग गये। दूसरे दिन शाम के समय जब ये आर्य समाज मंदिर पर स्वामी अखिलानंद जी का प्रवचन सुन रहे थे इनके पिता दो व्यक्तियों के साथ वहाँ गये और इन्हें घर ले आये। तब से उनके पिता ने उनके क्रांतिकारी विचारों का विरोध करना बन्द कर दिया।

*फाँसी का दिन*

19 दिसंबर को फाँसी वाले दिन प्रात: 3 बजे बिस्मिल जी उठते है। शौच, स्नान आदि नित्य कर्म करके यज्ञ किया। फिर ईश्वर स्तुति करके वन्देमातरम् तथा भारत माता की जय कहते हुए वे फाँसी के तख्ते के निकट गए। तत्पश्चात् उन्होने कहा – *“मै ब्रिटिश साम्राज्य का विनाश चाहता हूँ।”* फिर पं. रामप्रसाद बिस्मिल जी तख्ते पर चढ़े और *‘विश्वानिदेव सवितर्दुरितानि...*’वेद मंत्र का जाप करते हुए फंदे से झूल गए।
ऐसी शानदार मौत लाखों में दो-चार को ही प्राप्त हो सकती है। स्वातंत्र्य वीर पं. रामप्रसाद बिस्मिल जी के इस महान बलिदान ने भारत की आजादी की क्रांति को और तेज़ कर दिया। बाद में चन्द्रशेखर आजाद, भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव जैसे हजारों देशभक्तों ने उनकी लिखी अमर रचना ‘सरफ़रोशी की तमन्ना’ गाते हुए अपने बलिदान दिये।
पं रामप्रसाद बिस्मिल आदर्श राष्ट्रभक्त तथा क्रांतिकारी साहित्यकार के रूप में हमेशा अमर रहेंगे।

दुखद है आज भारत के अधिकांश लोगो ने उन्हें और उनके प्रेरणा स्त्रोत दोनों को भूला दिया है। 

*परन्तु जब तक हमारे जैसे कुछ परवाने हैं उनको कैसे भूलने देंगे। आखिर हम भी तो आर्यसमाज की ही देन हैं।*

शनिवार, 5 जून 2021

माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:अथर्ववेद के मन्त्र १२.१.१२ विश्व पर्यावरण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:

अथर्ववेद के मन्त्र १२.१.१२ “ माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या: ” को यद्यपि हम भारतीयों ने भारत-माता, राष्ट्रवाद, पृथ्वी के साथ हम भारतीयों का मातृवत सम्बन्ध की वैदिक-काल से स्थापना के साथ समय समय पर उच्चारण किया है किन्तु बहुधा इस मन्त्र-अंश को ही पूर्ण मन्त्र मान इस मन्त्र के शेषांश की अवहेलना की है ! पूरा मन्त्र है- “यत् ते मधयं पृथिवि यच्च नभ्यं, यास्ते ऊर्जस्तन्व: संबभूवु:, तासु नो धे”यभि न: पवस्व, माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:, पर्जन्य: पिता स उ न: पिपर्तु”, अर्थात “हे पृथ्वी, यह जो तुम्हारा मध्यभाग है और जो उभरा हुआ ऊधर्वभाग है, ये जो तुम्हारे शरीर के विभिन्न अंग ऊर्जा से भरे हैं, हे पृथ्वी मां, तुम मुझे अपने उसी शरीर में संजो लो और दुलारो कि मैं तो तुम्हारे पुत्र के जैसा हूं, तुम मेरी मां हो और पर्जन्य का हम पर पिता के जैसा साया बना रहे” वैदिक ऋषि ने पृथ्वी से जिस प्रकार का रक्त-सम्बन्ध स्थापित किया है, वह इतना विलक्षण और आकर्षक है कि दैहिक माता-पिता से किसी भी प्रकार कम नहीं !
तनिक विचार करें कि यदि इस प्रकार के रक्त-सम्बन्ध का भाव हमारे अन्तर्मन में स्थापित हो तो क्या हम किसी भी प्रकार निरादर कर सकते हैं भूमि का ? क्या प्रदूषित कर सकते हैं पृथ्वी को ?, क्या भूखण्डों पर अपना स्वामित्व मान दम्भ करेंगे ?, क्या भारतभू पर किसी विदेशी-विधर्मी का पद-दलन स्वीकार करेंगे ? कोई कितना भी दुष्ट अथवा कुटिल हो अपनी माता के प्रति व्यभिचार अथवा उसका अपमान सहन नहीं करेगा, आवश्यकता केवल-मात्र वेद-मन्त्रों को अंगीकार करने की है !
केवल यही एक मन्त्र नहीं वरन अथर्ववेद का भूमि_सूक्त ऐसे अनेक मन्त्रों से विभूषित है जो वसुन्धरा के सौन्दर्य के प्रति मानव-मात्र के उदात्त भावों का श्रेष्ठतम प्रकटीकरण है ! 
अथर्ववेद में अन्य मंत्र
१२.१.१६ “विश्वंभरा वसुधानी प्रतिष्ठा, हिरण्यवक्षा जगतो निवेशनी, वैश्वानरं बिभ्रती भूमिरग्निम् इन्द्र ऋषभा द्रविंण नो दधातु” अर्थात “समग्र विश्व का भरण-पोषण करने वाली यह पृथ्वी वसु (धन) की खानें अपने में धारण किए है, इसकी छाती (वक्ष) सोने की है, सारा जगत उसमें समाया है, सारे संसार की भूख यह मिटाती है, हमारी कामना है कि यह हमें समृद्धि में नहलाए रखे” माँ वसुन्धरा के प्रति यह कृतज्ञता व कामना अथर्ववेद के ऋषि की कालजयी दृष्टि को इंगित करती है !
१२.१.०९ “यस्यामाप: परिचरा समानी: अहोरात्रे अप्रमादं क्षरन्ति, सा नो भूमिर्भूरिधारा पयोदुहा अथो उक्षतु वर्चसा” ऋषि इस विचार से अभिभूत है कि कैसे इस भूमि पर दिन-रात जल की प्रभूत धाराएं बिना किसी प्रमाद के लगातार बहती रह कर उसे वर्चस्व से सम्पन्न कर रही हैं, सूक्त में ऋषि ने सचमुच भूमि के साथ मां का नाता जोड़ लिया है और उससे वैसे ही दूध की कामना कर रहा है जैसे कोई शिशु अपनी मां से दूध की कामना करता है-
“सा नो भूमिर्विसृजतां माता पुत्रय मे पय:” (१२.१.१०), अर्थात यह भूमि मेरे लिए वैसे ही दूध (पय:) की धारा प्रवाहित करे, जैसे मां अपने पुत्र के लिए करती है !
पर वह भूमि मां है कैसी ? ऋषि उसकी दिव्यता से अभिभूत है और कल्पना करता है, उसी मन्त्र “यामश्विनार्मिमाताम् विष्णुर्यस्यां विचक्रमे, इन्द्रो यां चक्र आत्मनेनमित्राम शचीपति:” (१२.१.१०). में कि यह वह पृथ्वी है, जिस पर अश्विनी कुमारों ने अपना रथ चलाया था, जिसे विष्णु ने अपने कदमों से लांघा था, जिसे इन्द्र ने अपने लिए शत्रुविहीन कर दिया था, वह मेरी मां मेरे लिए अपने शिशु की तरह दूध प्रवाहित करे। कवि चाहता तो पृथ्वी को अन्न देने वाली कह कर रुक जाता, पर उसने उसमें मां के दर्शन किए, उसमें दिव्यता के दर्शन किए और उसे अपने और पूर्वजों के इतिहास से भी जोड़ दिया।
मन्त्र संख्या १२.१.३८ में “यजन्ते यस्यामृत्विज: सोमामिन्द्रियाय पार्तवे” ऋषि ने पृथ्वी पर होने वाले यज्ञों की बात कही है तो इस बात को भी स्पष्टता से कहा है कि इन यज्ञों में विद्वान लोग ऋचाओं, यजुषों व सोमों से हवि डालते हैं और यही वह पृथ्वी है, जहां भूतकाल में ऋषियों ने अनेक प्रकार का काव्य लिखा है- ‘यस्यां पूर्वे भूतकृत ऋषयो मा उदानृचु:’ (१२.१.३९)
पृथ्वी को देख कर ऋषि इतना मुखर हो उठा कि वह सब कुछ लिख देना चाहता है, जो भी उसे पृथ्वी पर नजर आता है या वह उसके बारे में सोचता है। यथा इसी पृथ्वी पर समुद्र हैं, नदियां हैं और जल “यस्या समुद्रं उत सिंधुरापो:” (१२.१.३) इसी पृथ्वी पर पत्थरों और हिम वाले पहाड़ हैं और जंगल फैले हैं “गिरयस्ते पर्वता हिमवन्तोरण्यं ते” (१२.१.११), इसी धरती पर मनुष्य और पशु विचरण करते हैं “(मर्त्यास्त्वं बिभर्षि द्विपदश्चतुष्पद:” (१२.१.१५), यही भूमि समस्त औषधियों की जननी है “विश्वस्वं मातरमोषधीनां” (१२.१.१७), जिसकी गंध को गंधर्व और अप्सराएं सूंघते नहीं अघाते “यं गंधर्वा अप्सरसश्च भेजिरे तेन या सुरभि कृपु:” (१२.१.२३), इसी पर सभी वृक्ष और वनस्पतियां अपनी जड़े टिकाए हैं “यस्यां वृक्षा वानस्पत्या ध्रुवास्तिष्ठन्ति” (१२.१.२७) और इसी पर हैं शिलाएं, पत्थर और मिट्टी “शिला भूमिरश्मा पांसु: सा भूमि: संध्रता धृता:” (१२.१.२६)
किन्तु इसी भूमि को, भूमि मां को अपने लाभ के लिए खोदना पड़ता है तो कारुणिक ऋषि प्रार्थना करता है कि वह तो करना ही पड़ेगा, पर हे भूमि, उससे तुम्हारे मर्मस्थलों और हृदय को पीड़ा न पहुंचे- “यत् ते भूमे विखनामि क्षिप्रां तदपि रोहतु मा ते मर्म विमृग्वरि” (१२.१.३५)
पृथ्वी का यह विस्तृत एवम् भावनात्मक वर्णन वैदिक ऋषियों की वैज्ञानिक दृष्टि के साथ उनकी संवेदनशीलता तथा भूमि के साथ एकात्म-सम्बन्ध का प्रतीक है ! अर्वाचीन विज्ञान तद्यपि भूतल ही नहीं भूगर्भ विश्लेषण के नए आयाम स्थापित कर रहा है किन्तु उसका स्वार्थी संवेदनहीन ज्ञान व प्रकृति के दोहन के प्रति उसका अभियान आज उसे SAVE EARTH जैसी चिन्ता तक ले आया है !
क्या भारतीय मनीषा प्रकृति- पर्यावरण संरक्षण में उपयोगी भूमिका का वहन नहीं कर सकती ? भारतीय शास्त्रीय सम्पदा के आलोक में यदि वैश्विक समस्याओं का समाधान खोजने का प्रयास हो, तो निश्चित ही परिणाम मंगलकारी होंगे क्योंकि भूमि-सूक्त के अन्तिम मन्त्र (१२.१.६३) “भूमे मातर्नि धेहि मा भद्रया सुप्रतिष्ठितम्”- “हे भूमि माँ मुझे अपने समस्त कल्याणभाव के बन्धन में रखना”, स्वयं में अन्यत्र वर्णित विचार के समान सदैव विश्व-मांगल्य के भाव से ओत-प्रोत है !

आधुनिकानां संस्कृतभाषायां वर्धमानाभिरुचि: ”

“प्रेस विज्ञप्ति:”(संस्कृतम्) २३ नवम्बर २०२१ “आधुनिकानां संस्कृतभाषायां वर्धमानाभिरुचि: ” उत्तरप्रदेशसंस्कृतसंस्थानम्-लखनऊ-द्वारा 2021-तमवर्...