“आत्मसम्मान”(जीवन परिवर्तन की कथा)
एक याचक सुबह सुबह एक उद्यान के बाहर याचना करने के लिये बैठ गया। उस उद्यान में बहुत से व्यक्ति भ्रमण करने आये और गये किन्तु उस याचक पर किसी किसी का ही ध्यान गया। उनमें से भी बहुतों का ध्यान उस पर जाने पर भी उसे कोई लाभ हो न सका क्योंकि उनमें से कुछ उसे कोसते तो कोई उसका मज़ाक़ उड़ाकर हँसकर चले जाते।कुछ तो उसे घृणा की दृष्टि से देखते और कुछ तो देखते भी नहीं। भ्रमण करते हुये वहाँ से गुज़रने वालों में एक अधेड उम्र का व्यक्ति भी था। वो अपनी थकान मिटाने के लिये वहाँ बैठ गया जहाँ पास ही में याचक भी बैठा हुआ था ।यकायक उसकी दृष्टि उस याचक पर पड़ती है। कुछ देर कुछ सोच विचार कर वो अपनी पायजामे की जेब से कुछ चिल्लर निकाल कर कुछ ही दूरी में बैठे याचक के सामने फेंक देता है। पर चिल्लर उस तक नहीं पहुँच पाता क्यों कि यह सब वह जान बूझकर कर रहा होता है। याचक उस चिल्लर को नहीं लेता है क्योंकि इसमें उसे अपना अपमान दिखाई देका है।वह उस व्यक्ति पर रोष की दृष्टि से देखने लगता है। कुछ ही देर बाद सिक्के फेंकने वाला व्यक्ति उसके पास आता है और सिक्कों को उठाकर उसके पात्र में डालते हुये पूछता है। भाई! तुमने ये सिक्के क्यों नहीं उठाये? इस पर याचक कहता है कि - मुझे प्यार से दिया हुआ मात्र मंज़ूर है। मेरा भी तो कुछ आत्मसम्मान है। इस पर वह व्यक्ति कहता है- अच्छी बात है खुद पर आत्मसम्मान करना पर तुम और काम क्यों नहीं खोजते इस काम से तुम्हें आत्मसन्तुष्टि मिलती है क्या? तब याचक असमंजस में पड जाता है ।कुछ देर तक मन में विचार कर बोल पड़ता है कि - जी पूरी तरह से तो मिलती नहीं पर कुछ मजबूरियाँ हैं जिसके कारण ये करने में मैं विवश हूँ। तब वह व्यक्ति कहता है कि- होंगी पर तुम मेहनत के काम खोजनें में प्रयास तो करो ज़रूर मिल जायेगी क्योंकि प्रयास करने वालों की कभी हार नहीं होती है। याचक कहता है- वह तो है आपने बिल्कुल सही कहा । आपका धन्यवाद आपने मेरी आँख खोल दी। तब वह व्यक्ति कहता है कि- नहीं मैं तो बस एक माध्यम हूँ आगे की यात्रा तो तुम्हें खुद तय करनी है। वह व्यक्ति याचक को कुछ और पैसे देता है याचक पहले तो उन पैसों को नहीं लेता पर उस व्यक्ति के बार बार यह कहने पर कि -“ये तुम्हें आगे काम आयेंगे” वह ले लेता है। उसके बाद वह व्यक्ति वहाँ से चला जाता है। याचक भी बहुत सोच विचार करके उस व्यक्ति का मन ही मन धन्यवाद देकर वहाँ से चला जाता है और कुछ मेहनत का काम (जिसमें उसे आत्मसन्तुष्टि मिले) खोज कर अपना बाँकी जीवन-यापन करता है जिससे उसे आत्मसम्मान और आत्मगौरव का बोध हो । इस याचक की तरह ही हमारे जीवन में भी कई ऐसे व्यक्ति जाने अनजाने में आते जाते हैं जिनके कारण हम भी अपने जीवन को आत्मसम्मान के मार्ग पर ले चल पड़ते हैं। N.V.Regmi