गंगा सप्तमी के दिन गंगा जी के बारे में जाने हिन्दू धर्म में क्यो गंगा जी को पूज्य माना गया है
गच्छंस्तिष्ठन् स्वपन् ध्यायन् जाग्रभ्दुञ्चन।
श्वसन य: स्मरेत् सततं गङ्गां स च मुञ्येत बन्धनात्।।
गंगा शब्द की व्युत्पत्ति एवं अर्थ
गमयति भगवत्पदम् इति गङ्गा ।
अर्थ : गंगा वे हैं जो (स्नान करनेवाले जीव को ) ईश्वर के चरणों तक पहुंचाती हैं ।
गम्यते प्राप्यते मोक्षार्थिभिः इति गङ्गा ।
अर्थ : जिनकी ओर मोक्षार्थी अर्थात मुमुक्षु जाते हैं, वही गंगाजी हैं ।
ब्रह्मांड में उत्पत्ति
‘वामनावतार में श्रीविष्णु ने दानवीर बलीराजा से भिक्षा के रूप में तीन पग भूमि का दान मांगा । राजा इस बात से अनभिज्ञ था कि श्रीविष्णु ही वामन के रूप में आए हैं, उसने उसी क्षण वामन को तीन पग भूमि दान की । वामन ने विराट रूप धारण कर पहले पग में संपूर्ण पृथ्वी तथा दूसरे पग में अंतरिक्ष व्याप लिया। दूसरा पग उठाते समय वामन के (श्रीविष्णुके) बाएं पैर के अंगूठे के धक्के से ब्रह्मांड का सूक्ष्म-जलीय कवच (टिप्पणी १) टूट गया । उस छिद्र से गर्भोदक की भांति ‘ब्रह्मांड के बाहर के सूक्ष्म-जल ने ब्रह्मांड में प्रवेश किया । यह सूक्ष्म-जल ही गंगा है !
गंगाजी का यह प्रवाह सर्वप्रथम सत्यलोक में गया । ब्रह्मदेव ने उसे अपने कमंडलु में धारण किया । तदुपरांत सत्यलोक में ब्रह्माजी ने अपने कमंडलु के जल से श्रीविष्णु के चरणकमल धोए । उस जल से गंगाजी की उत्पत्ति हुई । तत्पश्चात गंगाजी की यात्रा सत्यलोक से क्रमशः तपोलोक, जनलोक, महर्लोक, इस मार्ग से स्वर्गलोक तक हुई ।
हिंदू धर्मशास्त्र के अनुसार ब्रह्मांड भूलोकादि सप्तलोक एवं सप्तपातालों को मिलाकर 14 भुवनों से बना है । ब्रह्मांड अंडाकार है तथा उसके बाहर चारों दिशाओं से क्रमशः सूक्ष्म-पृथ्वी, सूक्ष्म-जल, सूक्ष्म-तेज, सूक्ष्म-वायु, सूक्ष्म-आकाश, अहम्तत्त्व, महत्तत्त्व एवं प्रकृति के कुल 8 कवच होते हैं । इन कवचों में से ‘सूक्ष्म-जलीय कवच’ अर्थात गंगा । अतएव आयुर्वेद में गंगाजल को ‘अंतरिक्षजल’ कहा गया है ।’ (१)
भूलोक में अवतरण
भगीरथजी की कठोर तपस्या के कारण गंगाजी का पृथ्वी पर अवतरित होना एवं सगरपुत्रों का उद्धार करना :
‘सूर्यवंश के राजा सगर ने अश्वमेध यज्ञ आरंभ किया । उन्होंने दिग्विजय के लिए यज्ञीय अश्व भेजा एवं अपने ६० सहस्र पुत्रों को भी उस अश्व की रक्षा हेतु भेजा । इस यज्ञ से भयभीत इंद्रदेव ने यज्ञीय अश्व को कपिलमुनि के आश्रम के निकट बांध दिया । जब सगरपुत्रों को वह अश्व कपिलमुनि के आश्रम के निकट प्राप्त हुआ, तब उन्हें लगा, ‘कपिलमुनि ने ही अश्व चुराया है ।’ इसलिए सगरपुत्रों ने ध्यानस्थ कपिलमुनि पर आक्रमण करने की सोची । कपिलमुनि को अंतर्ज्ञान से यह बात ज्ञात हो गई तथा अपने नेत्र खोले । उसी क्षण उनके नेत्रों से प्रक्षेपित तेज से सभी सगरपुत्र भस्म हो गए । कुछ समय पश्चात सगर के प्रपौत्र राजा अंशुमन ने सगरपुत्रों की मृत्यु का कारण खोजा एवं उनके उद्धार का मार्ग पूछा । कपिलमुनि ने अंशुमन से कहा, ‘‘गंगाजी को स्वर्ग से भूतल पर लाना होगा । सगरपुत्रों की अस्थियों पर जब गंगाजल प्रवाहित होगा, तभी उनका उद्धार होगा !’’ मुनिवर के बताए अनुसार गंगा को पृथ्वी पर लाने हेतु अंशुमन ने तप आरंभ किया ।’ (२)
गंगाजी के भूलोक पर अवतरित होने का दिन !
दशमी शुक्लपक्षे तु ज्येष्ठे मासि कुजेऽहनि ।
अवतीर्णा यतः स्वर्गात् हस्तर्क्षे च सरिद्वरा ॥ – वराहपुराण
अर्थ : ज्येष्ठ मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, भौमवार (मंगलवार) एवं हस्त नक्षत्र के शुभ योग पर गंगाजी स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुईं ।
गंगावतरण की तिथि का उल्लेख कुछ पुराणों में वैशाख शुक्ल पक्ष तृतीया, तो कुछ पुराणों में कार्तिक पूर्णिमा किया गया है, तब भी अधिकांश पुराणों में ‘ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष दशमी’ ही गंगावतरण की तिथि उल्लेखित की गई है तथा वही सर्वमान्य है।
गंगाजी के कुछ अन्य नाम
ब्रह्मद्रवा
ब्रह्मदेव ने गंगाजी को अपने कमंडलु में धारण किया इसलिए उन्हें ‘ब्रह्मद्रवा’ कहते हैं ।
विष्णुपदी अथवा विष्णुप्रिया
गंगाजी के विष्णुपद को स्पर्श कर भूलोक में अवतरित होने से उन्हें ‘विष्णुपदी’ अथवा ‘विष्णुप्रिया’ नाम प्राप्त हुए ।
भागीरथी
राजा भगीरथ की तपस्या के कारण गंगा नदी पृथ्वीवर अवतीर्ण हुईं; इसलिए उन्हें ‘भागीरथी (भगीरथ की कन्या)’ कहते हैं ।
जाह्नवी
‘हिमालय से नीचे उतरते समय गंगाजी अपने साथ राजषिर्र् एवं तपस्वी जह्नुऋषि की यज्ञभूमि बहा ले गईं । इस बात से क्रोधित होकर जह्नुऋषिनेे उनके संपूर्ण प्रवाह का प्राशन कर लिया । तत्पश्चात जब भगीरथ ने जह्नुऋषि से प्रार्थना की, तब उन्होंने गंगाजी के प्रवाह को अपने एक कान से बाहर छोडा । इससे वे ‘जाह्नवी (जह्नुऋषि की कन्या)’ कहलाने लगीं ।’ (वायुपुराण, अध्याय ९१, श्लोक ५४ से ५८)
त्रिपथगा
‘भूतल पर अवतरित होने के पश्चात गंगाजी की धारा को शिवजी ने अपनी जटा में थाम लिया । उस समय उनके तीन प्रवाह हुए । इन प्रवाहों में से पहला स्वर्ग में गया, दूसरा भूतल पर रह गया तथा तीसरा पाताल में बह गया; इसलिए उन्हें ‘त्रिपथगा’ अथवा ‘त्रिपथगामिनी’ कहते हैं ।
गंगाजी के त्रिलोक में नाम
गंगाजी को स्वर्ग में ‘मंदाकिनी’, पृथ्वी पर ‘भागीरथी’ तथा पाताल में ‘भोगावती’ कहते हैं ।.
गंगा नदी की प्रधान शाखा भागीरथी है जो गढ़वाल में हिमालय के गौमुख नामक स्थान पर गंगोत्री हिमनद(GURUKUL) से निकलती हैं। गंगा के इस उद्गम स्थल की ऊँचाई ३१४० मीटर है। यहाँ गंगा जी को समर्पित एक मंदिर है। गंगोत्री तीर्थ, शहर से १९ कि॰मी॰ उत्तर की ओर ३८९२ मी॰ (१२,७७० फीट) की ऊँचाई पर इस हिमनद का मुख है। यह हिमनद २५ कि॰मी॰ लम्बा व ४ कि॰मी॰ चौड़ा और लगभग ४० मीटर ऊँचा है। इसी ग्लेशियर से भागीरथी एक छोटे से गुफानुमा मुख पर अवतरित होती हैं। इसका जल स्रोत ५००० मीटर ऊँचाई पर स्थित एक घाटी है। इस घाटी का मूल पश्चिमी ढलान की सन्तोपन्थ की चोटियों में है। गौमुख के रास्ते में ३६०० मीटर ऊँचे चिरबासा ग्राम से विशाल गौमुख हिमनद के दर्शन होते हैं।[5] इस हिमनद में नन्दा देवी, कामत पर्वत एवं त्रिशूल पर्वत का हिम पिघल कर आता है। यद्यपि गंगा के आकार लेने में अनेक छोटी धाराओं का योगदान है, लेकिन ६ बड़ी और उनकी सहायक ५ छोटी धाराओं का भौगोलिक और सांस्कृतिक महत्त्व अधिक है। अलकनन्दा (विष्णु गंगा) की सहायक नदी धौली, विष्णु गंगा तथा मन्दाकिनी है। धौली गंगा का अलकनन्दा से विष्णु प्रयाग में संगम होता है। यह १३७२ मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। फिर २८०५ मीटर ऊँचे नन्द प्रयाग में अलकनन्दा का नन्दाकिनी नदी से संगम होता है। इसके बाद कर्ण प्रयाग में अलकनन्दा का कर्ण गंगा या पिंडर नदी से संगम होता है। फिर ऋषिकेश से १३९ कि॰मी॰ दूर स्थित रुद्र प्रयाग में अलकनन्दा मन्दाकिनी से मिलती है। इसके बाद भागीरथी व अलकनन्दा १५०० फीट पर स्थित देव प्रयाग में संगम करती हैं यहाँ से यह सम्मिलित जल-धारा गंगा नदी के नाम से आगे प्रवाहित होती है। इन पाँच प्रयागों को सम्मिलित रूप से पंच प्रयाग कहा जाता है।[4] इस प्रकार २०० कि॰मी॰ का सँकरा पहाड़ी रास्ता तय करके गंगा नदी ऋषिकेश होते हुए प्रथम बार मैदानों का स्पर्श हरिद्वार में करती हैं।
त्रिवेणी-संगम, प्रयागराज
हरिद्वार से लगभग ८०० कि॰मी॰ मैदानी यात्रा करते हुए , गढ़मुक्तेश्वर, सोरों, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिठूर, कानपुर होते हुए गंगा प्रयाग (प्रयागराज) पहुँचती है। यहाँ इसका संगम यमुना नदी से होता है। यह संगम स्थल हिन्दुओं का एक महत्त्वपूर्ण तीर्थ है। इसे तीर्थराज प्रयाग कहा जाता है। इसके बाद हिन्दू धर्म की प्रमुख मोक्षदायिनी नगरी काशी (वाराणसी) में गंगा एक वक्र लेती है, जिससे यहाँ उत्तरवाहिनी कहलाती है। यहाँ से मीरजापुर, पटना, भागलपुर होते हुए पाकुर पहुँचती है। इस बीच इसमें बहुत-सी सहायक नदियाँ, जैसे सोन, गण्डक, सरयू, कोसी आदि मिल जाती हैं। भागलपुर में राजमहल की पहाड़ियों से यह दक्षिणवर्ती होती है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के गिरिया स्थान के पास गंगा नदी दो शाखाओं में विभाजित हो जाती है— भागीरथी और पद्मा। भागीरथी नदी गिरिया से दक्षिण की ओर बहने लगती है जबकि पद्मा नदी दक्षिण-पूर्व की ओर बहती फरक्का बैराज (१९७४ निर्मित) से छनते हुई बंग्ला देश में प्रवेश करती है। यहाँ से गंगा का डेल्टाई भाग शुरू हो जाता है। मुर्शिदाबाद शहर से हुगली शहर तक गंगा का नाम भागीरथी नदी तथा हुगली शहर से मुहाने तक गंगा का नाम हुगली नदी है। गंगा का यह मैदान मूलत: एक भू-अभिनति गर्त है जिसका निर्माण मुख्य रूप से हिमालय पर्वतमाला निर्माण प्रक्रिया के तीसरे चरण में लगभग ३-४ करोड़ वर्ष पहले हुआ था। तब से इसे हिमालय और प्रायद्वीप से निकलने वाली नदियाँ अपने साथ लाये हुए अवसादों से पाट रही हैं। इन मैदानों में जलोढ़ की औसत गहराई १००० से २००० मीटर है। इस मैदान में नदी की प्रौढ़ावस्था में बनने वाली अपरदनी और निक्षेपण स्थलाकृतियाँ, जैसे— बालू-रोधका, विसर्प, गोखुर झीलें और गुम्फित नदियाँ पायी जाती हैं।[6]
गंगा की इस घाटी में एक ऐसी सभ्यता का उद्भव और विकास हुआ जिसका प्राचीन इतिहास अत्यन्त गौरवमयी व वैभवशाली है। जहाँ ज्ञान, धर्म, अध्यात्म व सभ्यता-संस्कृति की ऐसी किरण प्रस्फुटित हुई जिससे न केवल भारत, बल्कि समस्त संसार आलोकित हुआ। पाषाण या प्रस्तर युग का जन्म और विकास यहाँ होने के अनेक साक्ष्य मिले हैं। इसी घाटी में रामायण और महाभारत कालीन युग का उद्भव और विलय हुआ। शतपथ ब्राह्मण, पंचविश ब्राह्मण, गौपथ ब्राह्मण, ऐतरेय आरण्यक, कौशितकी आरण्यक, सांख्यायन आरण्यक, वाजसनेयी संहिता और महाभारत इत्यादि में वर्णित घटनाओं से उत्तर वैदिककालीन गंगा घाटी की जानकारी मिलती है। प्राचीन मगध महाजनपद का उद्भव गंगा घाटी में ही हुआ, जहाँ से गणराज्यों की परम्परा विश्व में पहली बार प्रारम्भ हुई। यहीं भारत का वह स्वर्ण युग विकसित हुआ जब मौर्य और गुप्त वंशीय राजाओं ने यहाँ शासन किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें