जान है तो जहान है !
पंजाब की कांग्रेस सरकार और ओडिशा की बीजद सरकार तो 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला कर चुकी हैं। बाकी राज्यों ने भी मोदी सरकार को कम से कम दो हफ्ते तक लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव दिया है। प्रधानमंत्री ने आज जब मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 21 दिन में तीसरी बैठक की तो भी इसी तरह के विचार सामने आए। कम से कम 10 मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री से लॉकडाउन बढ़ाने को कहा।
प्रधानमंत्री जी ने मुख्यमंत्रियों से कहा- ‘‘मैं चौबीस घंटे, सातों दिन फोन पर उपलब्ध हूं। कोई भी मुख्यमंत्री कभी भी मुझे सुझाव दे सकता है।’’ उन्होंने कहा- जान है तो जहान है।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि जब उन्होंने राष्ट्र के नाम संदेश दिया था, तो शुरुआत में इस पर जोर दिया था कि हर नागरिक की जान बचाने के लिए लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन बहुत जरूरी है। देश के ज्यादातर लोगों ने बात को समझा और घरों में रहकर दायित्व निभाया।
उन्होंने कहा कि अब भारत के उज्जवल भविष्य के लिए, समृद्ध और स्वस्थ भारत के लिए जान भी, जहान भी, दोनों पहलुओं पर ध्यान देना जरूरी है। जब देश का प्रत्येक व्यक्ति जान भी और जहान भी, दोनों की चिंता करते हुए अपने दायित्व निभाएगा, सरकार और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा, तो कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी।’’ इस चर्चा में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों ने लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का पीएम मोदी जी को सुझाव दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें