चेन्नई के एक साधारण परिवार से निकलकर जब कोई युवा दिल्ली के सर्वोच्च न्यायालय में खड़ा होता है, तो उसकी दलीलों में केवल कानून की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं के प्रति गहरी प्रतिबद्धता भी सुनाई देती है। यह नाम है- जे. साई दीपक (J. Sai Deepak)
जे साई दीपक ने कभी वकालत को केवल आजीविका का साधन नहीं माना। उनके लिए न्यायालय में प्रत्येक मुकदमा संवैधानिक अधिकारों, सांस्कृतिक अस्मिता और धार्मिक परंपराओं की रक्षा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। सबरीमाला से लेकर तिरुपरंकुंद्रम के दीपाथून विवाद तक, उनकी दलीलों में एक बात स्पष्ट दिखाई देती है-किसी भी समाज को अपनी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक अधिकारों के लिए किसी की कृपा पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
तिरुपरंकुंद्रम के दीपाथून प्रकरण में भी उन्होंने न्यायालय के समक्ष प्रशासनिक व्याख्याओं और न्यायिक आदेशों के अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए। उनका तर्क था कि न्यायालय के आदेशों को प्रशासन अपनी सुविधानुसार सीमित या परिवर्तित नहीं कर सकता। उन्होंने ट्रस्ट की संरचना, संबंधित पक्षों की भूमिका और मंदिर की परंपराओं से जुड़े प्रश्नों को भी न्यायालय के सामने प्रभावी ढंग से रखा।
साई दीपक की विशेषता यह है कि वे अंग्रेजी में तर्क प्रस्तुत करते हैं, लेकिन उनकी वैचारिक दृष्टि भारतीय सभ्यता और ज्ञान परंपरा से प्रेरित दिखाई देती है। वे संविधान के प्रावधानों के माध्यम से बात करते हैं और भारतीय दर्शन, संस्कृति तथा धर्मशास्त्र के संदर्भों से अपनी दलीलों को व्यापक आधार प्रदान करते हैं।
बहुत से अधिवक्ता न्यायालय में मुकदमे लड़ते हैं, लेकिन कुछ अधिवक्ता अपने विचारों और तर्कों से समाज में व्यापक विमर्श भी खड़ा करते हैं। जे. साई दीपक उन्हीं में से एक हैं। उनका मानना है कि किसी भी सभ्यता की वास्तविक शक्ति उसकी सांस्कृतिक चेतना, आत्मसम्मान और अपनी परंपराओं के प्रति जागरूकता में निहित होती है।
तिरुपरंकुंद्रम की पहाड़ी पर प्रज्ज्वलित दीप केवल एक धार्मिक परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि आस्था, अधिकार और न्यायिक आदेशों के अनुपालन से जुड़े व्यापक विमर्श का भी प्रतीक बन गया है।
विष्णु शंकर जैन और जे. साई दीपक जैसे अधिवक्ता अपनी बौद्धिक क्षमता, विधिक अध्ययन और प्रभावशाली तर्कों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक अधिकारों से जुड़े विषयों को न्यायालय में मजबूती से उठाते हैं।
आज आवश्यकता है कि शिक्षा, न्याय, प्रशासन, समाज और संस्कृति प्रत्येक क्षेत्र में ऐसे विद्वान, जागरूक और समर्पित व्यक्तित्व आगे आएँ, जो अपनी प्रतिभा और ज्ञान से भारतीय सभ्यता, संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण में योगदान दें।
संस्कृति की रक्षा केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि ज्ञान, तर्क, अध्ययन और संवैधानिक जागरूकता से भी होती है।
जयतु भारतम्!
जयतु भारतीयसंस्कृतिः!

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें